नेहरू नगर में लगा सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन कैंप, 9 से 14 वर्ष की 25 बच्चियों को नि:शुल्क लगाई गई वैक्सीन

गाजियाबाद। नेहरू नगर सेकंड-सी, ईएफ ब्लॉक स्थित धर्मार्थ औषधालय शिव मंदिर में आईएमए गाजियाबाद के तत्वावधान में रविवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की 25 बच्चियों को नि:शुल्क वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीनेशन का कार्य डॉ. अल्पना कंसल एवं डॉ. अरुण ने किया। इस अवसर पर डॉ. नवनीत वर्मा भी मौजूद रहे। चिकित्सकों ने बच्चियों और उनके अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व की जानकारी देते हुए समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
शिव मंदिर समिति की ओर से श्री के.के. भटनागर, श्री आर.के. वर्मा, इंदू त्यागी एवं संतोष जी उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने शिविर में सहयोग करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. अर्चना कंसल ने बच्चों और उनके परिवारों को जागरूक करते हुए कहा कि वे अपने परिचितों और अन्य परिवारों को भी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए इस वैक्सीनेशन के बारे में बताएं, ताकि अधिक से अधिक बच्चियां इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक हो सकता है। शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने चिकित्सकीय टीम, शिव मंदिर समिति और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।



