स्कूलों के आसपास नशे का कारोबार मिला तो खैर नहीं, विशेष अभियान चलाकर होगी सख्त कार्रवाई

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में खास तौर पर विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एडीएम सिटी विकास कश्यप ने निर्देश दिए कि विद्यालयों के निर्धारित दायरे में शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों का कारोबार विद्यार्थियों के सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। संबंधित विभाग नियमित रूप से ऐसे क्षेत्रों का निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ ही युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में औषधि निरीक्षक ने बताया कि नशे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 जुलाई 2026 को एनसीबी जम्मू के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। कौशांबी स्थित प्रवीन मेडिकल स्टोर पर छापेमारी के दौरान करीब 70 हजार रुपये की नशीली औषधियां सीज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। इसी क्रम में इंदिरापुरम स्थित एक थोक विक्रेता के प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर आठ औषधियों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे गए। करीब 1.92 लाख रुपये कीमत की औषधियों को जांच रिपोर्ट आने तक फ्रीज किया गया है। जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति के संयोजक एवं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय की रिपोर्ट में बताया गया कि 21 जुलाई से 21 अगस्त 2026 के बीच मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 281.78 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस दौरान 20 अभियोग दर्ज कर 32 महिला एवं पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं कोटपा एक्ट के तहत हुक्का, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू और कायेला की बरामदगी के मामले में एक अभियोग दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बैठक में एडीएम सिटी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके। बैठक में स्वास्थ्य, पुलिस, नारकोटिक्स सेल, खाद्य, औषधि, डीपीओ, समाज कल्याण, शिक्षा, वन और यातायात विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।



