आसमान से कांवड़ यात्रा पर नजर, धवल जायसवाल ने बरसाए फूल, शिवभक्तों का पुष्पवर्षा से किया भव्य स्वागत

गाजियाबाद। सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने राजकीय हैलीकॉप्टर से कांवड़ मार्गों का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शिवभक्तों की सुविधाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया। हवाई निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्गों पर चल रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन भी किया गया। पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने राजकीय हैलीकॉप्टर से पाइपलाइन मार्ग, गंगनहर पटरी मार्ग, मुरादनगर गंगनहर घाट, राजचौपला तथा आसपास के कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्गों पर कांवडिय़ों की आवाजाही, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को देखा। इस दौरान मार्गों पर तैनात पुलिस बल और अन्य व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी गई। हैलीकॉप्टर से निरीक्षण के दौरान जब शिवभक्त कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा की गई तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवडिय़ों में उत्साह और उमंग दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने भी जयकारों के साथ इस स्वागत का अभिवादन किया। धवल जायसवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाला प्रत्येक शिवभक्त हमारे लिए अतिथि के समान है और उसकी सुरक्षा एवं सुविधा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हवाई निरीक्षण के बाद पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में शिवभक्त कांवडिय़ों के बीच पहुंचकर उन्हें प्रसाद वितरित किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का सम्मान करते हुए उनके साथ संवाद किया तथा सेवा, सहयोग और सद्भावना का संदेश दिया। धवल जायसवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। पुलिस का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले किसी भी शिवभक्त को यात्रा के दौरान परेशानी न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सकें। पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। प्रमुख मार्गों, घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। धवल जायसवाल ने कहा कि पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की मदद और सुरक्षा के लिए लगातार मैदान में मौजूद हैं। उन्होंने शिवभक्तों से भी अपील की कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और आपसी भाईचारे के साथ कांवड़ यात्रा पूरी करें। हवाई निरीक्षण के दौरान पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण के दृश्य ने कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के साथ सेवा और सम्मान की भावना को भी उजागर किया।




