गाजियाबाद

भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, देशभक्ति के नारों से गूंजा खन्ना नगर-चटाई पर बैठकर पढ़े होते तो छात्रों का दर्द समझते राहुल गांधी : नगर विकास मंत्री

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को लोनी के खन्ना नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के साथ यात्रा का नेतृत्व किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई मिली है। आज तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि जन-जन की भावना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और गौरव को सम्मान देते हुए सरकार सबका विकास और सबकी समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के पास विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं है और वह केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान और तिरंगे के प्रति हर भारतीय का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। राहुल गांधी का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि यदि विपक्षी नेता गांव, गरीब और छात्रों के संघर्ष को करीब से समझते तो आज उनके मुद्दों को बेहतर तरीके से समझ पाते। उन्होंने कहा कि चटाई पर बैठकर पढ़ाई करने और सामान्य परिवारों के बच्चों के संघर्ष को देखने का अनुभव अलग होता है। ए.के. शर्मा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग जैसी संस्थाओं में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आती थीं, जबकि आज पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास और परिवर्तन की नई दिशा तय की है। गाजियाबाद समेत प्रदेश के शहर तेजी से आधुनिक सुविधाओं और बेहतर नागरिक सेवाओं की ओर बढ़ रहे हैं। मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने और देश की एकता एवं अखंडता के लिए एकजुट रहने की अपील की। लोनी के विकास को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सड़क, जल निकासी, पेयजल, स्वच्छता, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोनी सहित प्रदेश के हर शहर को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ ने राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button