गाजियाबाद

हरनंदी तट पर गूंजा ‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे’ का संकल्प, आरती के साथ चला स्वच्छता अभियान 

गाजियाबाद। ‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे’ के संकल्प के साथ रविवार शाम गजप्रस्थ-गाजियाबाद स्थित हरनंदी (हिंडन) नदी के तट पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से स्वच्छता अभियान और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम छह बजे से सात बजे तक चले अभियान में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नदी तट की सफाई कर लोगों को हरनंदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूक किया। इसके बाद नदी तट पर आरती का आयोजन कर स्वच्छता और नदी संरक्षण का संकल्प दोहराया गया। नमामि गंगे के प्रदेश मीडिया संयोजक संदीप त्यागी रसम ने अभियान के दौरान लोगों को मां गंगा और सहायक नदियों की स्वच्छता से संबंधित सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल सरकारी विभागों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भी है। आम लोगों की भागीदारी से ही नदी तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान ‘हरनंदी के द्वार’ अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। संगठन की ओर से प्रत्येक रविवार शाम छह बजे हरनंदी तट पर स्वच्छता अभियान और आरती आयोजित करने की घोषणा को अब नियमित रूप से कार्यरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को छठ घाट पर पदाधिकारियों और सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया और नदी की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। अभियान में लोगों से नदी में कूड़ा-कचरा न डालने, तट को साफ रखने और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि हरनंदी की स्वच्छता के लिए लगातार जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नदी तट को स्वच्छ और बेहतर बनाया जा सके। इस अवसर पर नमामि गंगे के प्रदेश मीडिया संयोजक संदीप त्यागी रसम, जिला सहसंयोजक चेतना मित्तल, सहसंयोजक मनोज कुमार, सहसंयोजक संजय शर्मा और ज्ञान सिंह (रिटायर्ड एसआई) समेत संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के साथ नदी संरक्षण और जनजागरण को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button