सड़क हादसों ने बुझाए दो घरों के चिराग, दो घायल
गाजियाबाद। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मृतकों में एक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी, जबकि दूसरे की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। संबंधित थानों की पुलिस ने मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजयनगर थाना क्षेत्र के सुदामापुरी निवासी दिलशाद के पिता अलीदराज पांच सितंबर की शाम साइकिल से फैन-पापे बेचने के लिए निकले थे। वह एबीईएस कॉलेज के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले गए, जहां 15 सितंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र के सिरसौल गांव निवासी आकाश ने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब पौने दो बजे उनके पिता प्रेमपाल एबीईएस कॉलेज के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र के शिब्बनपुरा रविदास नगर निवासी अंजलि ने बताया कि 19 सितंबर को उनके पति मून गौतम बाइक से जा रहे थे। केसरी माता मंदिर के पास एक अज्ञात स्कूटर सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से मून गौतम को कई चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी स्कूटर लेकर फरार हो गया। अंजलि की शिकायत पर 22 सितंबर को अज्ञात स्कूटर सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, वेव सिटी क्षेत्र के मानसरोवर पार्क निवासी रामनरेश ने बताया कि उनका बेटा अनुज कुमार 21 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे बाइक से जयपुरिया सनराइज की ओर से मानसरोवर पार्क जा रहा था। इसी दौरान एक डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनुज का बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया और हड्डी टूट गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
