तिरंगे की शान और वायुशक्ति का प्रदर्शन, 94वें स्थापना दिवस से पहले हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में हुई फुल ड्रेस रिहर्सल

गाजियाबाद। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस से पहले मंगलवार को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन परिसर में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। सुबह से ही एयरफोर्स स्टेशन परिसर देशभक्ति और वायुशक्ति के प्रदर्शन से सराबोर रहा। रिहर्सल के दौरान जवानों ने अनुशासन, साहस और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में कदमताल करते जवानों की टुकडिय़ों और आसमान में तिरंगा लेकर उड़ते हेलीकॉप्टर ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। रिहर्सल की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। राष्ट्रगान के दौरान मैदान के ऊपर हेलीकॉप्टर ने तिरंगा लेकर उड़ान भरी। आसमान में लहराता विशाल तिरंगा देखते ही मैदान में मौजूद जवानों ने पूरे अनुशासन के साथ सलामी दी। यह दृश्य समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। आसमान में तिरंगे की उड़ान और नीचे जवानों की सलामी ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इस बार की फुल ड्रेस रिहर्सल में ब्रह्मोस मिसाइल प्रमुख आकर्षण के रूप में शामिल रही। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन में लगाई गई प्रदर्शनी में देश की ताकत और आधुनिक सैन्य क्षमता को दर्शाने वाले कई लड़ाकू विमान भी प्रदर्शित किए गए। इनमें जगुआर, तेजस और राफेल जैसे लड़ाकू विमान शामिल रहे। इन्हें देखने के लिए मौजूद लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रदर्शनी के माध्यम से वायुसेना की तकनीकी क्षमता और आधुनिक युद्धक तैयारियों की झलक भी देखने को मिली। रिहर्सल के दौरान महिला जवानों का प्रदर्शन भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मैदान में महिला जवानों ने थ्री नॉट थ्री को लीड करते हुए कदमताल की। अनुशासन के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ती महिला जवानों की टुकड़ी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। हथियारों के साथ शत्रु पर निशाना साधने की मुद्रा में महिला जवानों की जुगलबंदी और तालमेल देखते ही बनता था। उनके प्रदर्शन ने यह संदेश भी दिया कि देश की सुरक्षा में महिला शक्ति की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह करीब 8:25 बजे शुरू हुई और करीब 11 बजे तक चली। इस दौरान वायुसेना के अधिकारी और जवान पूरी तरह निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप नजर आए। समारोह में वायुसेना के जवानों के परिजनों के साथ कई विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे। जवानों के परिवार की महिलाएं अपनी-अपनी क्षेत्रीय वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे समारोह में देश की विविध सांस्कृतिक छटा भी दिखाई दी। भारतीय वायुसेना आठ अक्तूबर को अपना 94वां स्थापना दिवस मनाएगी। स्थापना दिवस से पहले हुई इस फुल ड्रेस रिहर्सल ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही वायुसेना की ताकत, अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में आसमान में लहराता तिरंगा, मैदान में कदमताल करते जवान और प्रदर्शनी में मौजूद अत्याधुनिक लड़ाकू विमान पूरे कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र बने रहे।


