शिकायतों पर डीएम सख्त, लंबित समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश

-मोरटा की जल निकासी, शाहपुर-पाइपलाइन मार्ग और रसूलपुर की सड़क का मुद्दा उठा
गाजियाबाद। किसानों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर शुक्रवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय किसान दिवस आयोजित किया गया। बैठक में किसानों ने विद्युत, सिंचाई, सड़क, जल निकासी समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में जिला कृषि अधिकारी ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या किसानों के समक्ष प्रस्तुत की। पूर्व में उठाई गई कई समस्याओं का समाधान होने पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया। वहीं, लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुछ मामलों में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में टीम गठित कर जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों की शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि शीघ्र और पूर्ण गुणवत्ता के साथ वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसान दिवस की बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य हो। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। किसान दिवस में मोरटा गांव में जल निकासी की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने नगर निगम और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शाहपुर से पाइपलाइन तक टूटे रास्ते की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम को जल्द कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं ग्राम रसूलपुर सिकरोड़ा की सड़क पर बने गड्ढों को भरवाने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने भी विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपे। इनमें बिजेंद्र सिंह, मनोज नागर, दक्ष नागर, प्रमोद त्यागी, चाणक्या प्रमुख, छोटे चौधरी, मनोज चौधरी, सुखदेव सिंह और धर्मदत्त त्यागी सहित अन्य किसान प्रतिनिधि शामिल रहे। किसान दिवस में विद्युत, सिंचाई, गन्ना, मत्स्य, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रभारी उप कृषि निदेशक अमित कुमार सहित अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित बैठक में करीब 120 किसानों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने अंत में सभी विभागों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



