गाजियाबाद

मुरादनगर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष जमालुद्दीन अल्वी का भव्य स्वागत

मुरादनगर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा पश्चिम क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी (मालू) के स्वागत एवं पदभार ग्रहण समारोह का रविवार को ईदगाह रोड स्थित करबला, मुरादनगर में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनस साजिद उस्मानी के प्रथम आगमन पर भी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। समारोह में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली और प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का उल्लेख किया। मुख्य अतिथि कुंवर बासित अली ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने लंबे समय तक मुसलमानों को केवल वोट बैंक बनाकर सत्ता हासिल करने की राजनीति की। इन दलों ने समाज की शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण जैसे वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता नहीं दी। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। भाजपा का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। उन्होंने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मोदी-योगी सरकार की नीतियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की तरक्की और सुरक्षा सर्वोपरि है। भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवास और रोजगार के क्षेत्र में धरातल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक नारों तक सीमित रखा गया, जबकि वर्तमान सरकार विकास को प्राथमिकता देकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश अध्यक्ष अनस साजिद उस्मानी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव के बिना पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किया है। अल्पसंख्यक मोर्चे के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।
भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने विश्वास जताया कि जमालुद्दीन अल्वी के नेतृत्व में पश्चिम क्षेत्र में अल्पसंख्यक मोर्चा संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगा। भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी राष्ट्र प्रथम और संगठन सर्वोपरि के सिद्धांत पर काम करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मौलाना हमीदुल्लाह राजशाही ने की। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्र की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कदीम आलम ने किया। आयोजन में मुरादनगर शहर मंडल अध्यक्ष राहुल गोयल और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद भारतीय, मंडल अध्यक्ष विपिन चौधरी, पार्षद प्रदीप चौधरी, आलिया सिद्दीकी, प्रवीण जैन, राकेश जैन, अरुण जैन, ऋषभ जैन सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पार्षद प्रदीप चौधरी ने मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button