गाजियाबाद

आईएमए और नर्सिंग एसोसिएशन समेत निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग-ईसीआईनेट ऐप से घर बैठे जांच सकेंगे मतदाता सूची में नाम, नए पंजीकरण के लिए भरना होगा फॉर्म-6

गाजियाबाद। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज कराने के लिए जिला प्रशासन ने अब स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पतालों के माध्यम से जागरूकता अभियान को गति देने की तैयारी की है। इसके तहत जिले के चिकित्सकों, अस्पतालों, नर्सिंग संस्थानों और स्वास्थ्य संगठनों से अपने यहां कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के साथ आमजन को भी मतदाता सूची में नाम जांचने और पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। इसमें स्वास्थ्य संस्थानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सोमवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसीएमओ अमित विक्रम, आईएमए, गाजियाबाद नर्सिंग एसोसिएशन तथा निजी एवं कॉरपोरेट अस्पतालों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बड़ी संख्या में चिकित्सक, कर्मचारी और मरीजों के तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में इन संस्थानों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने बैठक में ईसीआईनेट ऐप की उपयोगिता और उसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिए नागरिक घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह नए पंजीकरण के लिए आवेदन भी कर सकता है। बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने मौके पर ही अपने मोबाइल फोन में ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड किया। जिलाधिकारी ने ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजने और आवेदन करने की प्रक्रिया को भी समझाया। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने-अपने संस्थानों में चिकित्सकों और कर्मचारियों के मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जांच कराई जाएगी तथा जिन पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनका नियमानुसार पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि वे इसे सामाजिक और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी समझते हुए अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पहले से दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की गलती होने या संशोधन की आवश्यकता पडऩे पर फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने अस्पतालों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने संस्थानों में इन दोनों प्रपत्रों की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कर्मचारियों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने आईएमए, नर्सिंग एसोसिएशन और अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधियों से विशेष रूप से कहा कि वे अपने यहां कार्यरत सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों और अन्य कर्मियों के मतदाता पंजीकरण की स्थिति की जांच कराएं। यदि किसी पात्र कर्मचारी का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो उसे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें। इसी तरह जिन लोगों के नाम या पते में त्रुटि है, उन्हें फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराने की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान अपने आसपास रहने वाले पात्र नागरिकों और अस्पतालों में आने वाले लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक कर सकते हैं। इसके लिए संस्थानों में उपलब्ध विभिन्न संचार माध्यमों का उपयोग किया जाए, जिससे मतदाता पंजीकरण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button