गाजियाबाद

स्मार्ट मीटर लगाने की सुस्त रफ्तार ने बढ़ाई बिजली निगम की चिंता

गाजियाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में बड़े बिजली उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 50 किलोवाट से अधिक विद्युत भार वाले उपभोक्ताओं के परिसरों में लगे स्वचालित मीटर रीडिंग (एएमआर) सिस्टम का संचालन करने वाली कंपनी का ठेका दिसंबर में समाप्त होने जा रहा है। दूसरी ओर, इन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बेहद धीमी है। ऐसे में निर्धारित समय तक स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग और बिल जारी करने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में कुल 13,981 बड़े उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। इनमें अभी तक केवल 4,695 परिसरों में ही स्मार्ट मीटर लगाए जा सके हैं। यानी कुल लक्ष्य का महज 34 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जबकि 9,286 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगना बाकी है। शेष 66 प्रतिशत काम पूरा करने के लिए निगम के सामने बड़ी चुनौती खड़ी है।
वर्तमान में इन उपभोक्ताओं के यहां लगे एएमआर मीटरों से रीडिंग स्वचालित तरीके से आरएमएस पोर्टल तक पहुंचती है। इसी आधार पर बिजली के बिल तैयार किए जाते हैं। दिसंबर में इस व्यवस्था का ठेका समाप्त होने से पहले निगम को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार बढ़ानी होगी। गाजियाबाद में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे चल रहा है। ईयूडीसी प्रथम में 855 के लक्ष्य के मुकाबले 440, द्वितीय में 909 के सापेक्ष 213 और तृतीय में 532 के सापेक्ष केवल 103 स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। वहीं, ईडीसी गाजियाबाद में 294 के लक्ष्य के मुकाबले 175 मीटर ही लगाए जा सके हैं। चारों सर्किलों में कुल 2,590 मीटर लगाने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष अभी तक 931 मीटर ही लग पाए हैं। इस तरह 1,659 मीटर लगाए जाने बाकी हैं। स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को बड़े बिजली उपभोक्ताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। कई औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पुराने एएमआर मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के पक्ष में नहीं हैं। इसके चलते मीटर बदलने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि एएमआर व्यवस्था का ठेका समाप्त होने के बाद भी बड़े उपभोक्ताओं की बिलिंग में किसी प्रकार का व्यवधान न आए। मुख्य अभियंता, जोन-द्वितीय नरेश भारती ने बताया कि शासन के निर्देश पर एएमआर व्यवस्था का ठेका इस वर्ष समाप्त हो रहा है। 50 किलोवाट से अधिक विद्युत भार वाले सभी उपभोक्ताओं के यहां एएमआर मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। निर्धारित समय में सभी पुराने मीटर बदलने का लक्ष्य रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button