योग्य जीवनसाथी की तलाश होगी आसान, 12-13 दिसंबर को सजेगा ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन

गाजियाबाद। योग्य जीवनसाथी की तलाश में जुटे युवक-युवतियों और उनके अभिभावकों के लिए अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की ओर से एक बार फिर परिचय का मंच तैयार किया जा रहा है। महासभा की ओर से 28वां ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 12 और 13 दिसंबर 2026 को लोहिया नगर स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के युवक-युवतियां और उनके परिजन शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने सम्मेलन की रूपरेखा साझा करते हुए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने की अपील की। मुख्य संयोजक पं. जेके गौड़ ने बताया कि सम्मेलन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। अब तक 300 से अधिक युवक-युवतियों के पंजीकरण हो चुके हैं। पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि छह दिसंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे एक-दूसरे के परिवार, शिक्षा, योग्यता और पारिवारिक पृष्ठभूमि से परिचित हो सकें। इससे अभिभावकों को योग्य जीवनसाथी तलाशने में सुविधा मिलेगी और विवाह संबंध तय करने की प्रक्रिया भी सहज हो सकेगी। जिलाध्यक्ष पं. जयनंद शर्मा और महानगर अध्यक्ष पं. सुभाष शर्मा ने बताया कि सम्मेलन का शुभारंभ 12 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे हवन के साथ होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. गोपाल दत्त शर्मा करेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में पंजीकृत युवक-युवतियों को परिचय देने और अपनी पसंद के अनुरूप जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष पं. विजय भारद्वाज ने बताया कि सम्मेलन में दूसरे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों तथा उनके परिजनों के ठहरने की व्यवस्था आयोजन समिति की ओर से की जाएगी। इससे बाहर से आने वाले परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और परिचितों में विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीकरण समय रहते कराएं, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस आयोजन का लाभ उठा सकें। प्रचार सचिव डॉ. धीरज कुमार भार्गव ने कहा कि परिचय सम्मेलन केवल विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक मंच पर लाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास भी किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से दहेज प्रथा, अनावश्यक खर्च और विवाह समारोहों में होने वाली फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने की चिंता से भी काफी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज में सादगीपूर्ण विवाह और आपसी सहमति से रिश्ते तय करने की परंपरा को बढ़ावा देना भी सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। प्रेस वार्ता में पं. आदेश शर्मा, पं. संदीप शर्मा, पं. हरिओम शर्मा सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने समाज के लोगों से छह दिसंबर से पहले पंजीकरण कराने और सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।



