ट्रायल के दौरान बच्चों की पिटाई का आरोप, कोच ने दर्ज कराया केस
गाजियाबाद। निवाड़ी निवासी आशीष ने डासना के आजाद इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय ट्रायल के दौरान बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। आशीष के मुताबिक वह ताइक्वांडो टीम के कोच हैं और टीम के खिलाडिय़ों के साथ ट्रायल में शामिल होने के लिए कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान स्कूल के फिजिकल शिक्षक उमर ने टीम के दो बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। आरोप है कि शिक्षक ने दोनों बच्चों की पिटाई करने के बाद अन्य छात्रों से भी बेल्ट से उनकी पिटाई कराई। घटना को लेकर टीम के कोच ने पुलिस से शिकायत की। उनका कहना है कि जिला स्तरीय ट्रायल में शामिल होने पहुंचे खिलाडिय़ों के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।


