गाजियाबाद

जहरीली हवा महिलाओं के मां बनने की राह में भी बन रही बाधा

गाजियाबाद। जिले में लगातार खराब हो रही हवा अब केवल सांस और फेफड़ों की बीमारी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है। हवा में मौजूद बेहद बारीक जहरीले कण महिलाओं के अंडाशय की कार्यक्षमता, अंडों की गुणवत्ता और गर्भधारण की संभावनाओं को प्रभावित कर सकते हैं। इसका असर उन महिलाओं पर भी पड़ सकता है, जो कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से मां बनने की कोशिश कर रही हैं। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए कुछ केंद्रों पर इस प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है। एक निजी अस्पताल की संचालिका एवं वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा के अनुसार, वर्ष 2025 में प्रकाशित एक शोध में अंडे निकालने की प्रक्रिया से पहले वायु प्रदूषण के अधिक संपर्क और कृत्रिम गर्भाधान के बाद जीवित बच्चे के जन्म की कम संभावना के बीच संबंध पाया गया। उन्होंने बताया कि प्रदूषण का असर महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर पड़ सकता है। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर कुछ मामलों में गर्भाधान की प्रक्रिया टालने का निर्णय लिया जाता है। उनके केंद्र पर भी अक्तूबर से दिसंबर तक कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया बंद कर दी गई है।
आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का कहना है कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता और वायु प्रदूषण के संबंध में कई शोध सामने आ चुके हैं। वर्ष 2024 में प्रकाशित एक शोध समीक्षा में 15 अध्ययनों का विश्लेषण किया गया था। इसमें सामने आया कि सूक्ष्म कणों और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसे प्रदूषकों के संपर्क का संबंध महिलाओं के अंडाशय में उपलब्ध अंडों की संख्या और प्रजनन क्षमता से जुड़े संकेतकों में गिरावट से हो सकता है। वर्ष 2024 में प्रकाशित एक अन्य शोध में 511 महिलाओं को शामिल किया गया था। इसमें सूक्ष्म प्रदूषक कणों के अधिक संपर्क का संबंध एंटी-मुलरियन हार्मोन के कम स्तर और अंडाशय में विकसित हो रहे छोटे पुटिकाओं की संख्या में कमी से पाया गया। ये दोनों ही महिलाओं की प्रजनन क्षमता के महत्वपूर्ण संकेतक माने जाते हैं। महिला रोग विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण के कारण सभी महिलाओं में अंडे बनना बंद नहीं हो जाते और न ही प्रत्येक महिला की गर्भधारण क्षमता समान रूप से प्रभावित होती है। इसका प्रभाव महिला की उम्र, स्वास्थ्य, अंडाशय की स्थिति और प्रदूषण के संपर्क में रहने की अवधि पर निर्भर करता है। इसलिए कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया रोकने या आगे बढ़ाने का निर्णय चिकित्सकीय जांच और महिला की व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर ही लिया जाना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच प्रजनन स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और सावधानी बरतना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button