गाजियाबाद

फ्लैट का ताला तोड़कर गहने उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में फ्लैट का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के दो झुमके, पीली धातु की तीन अंगूठियां और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली में चोरी के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत भी एक मुकदमा दर्ज है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि राधा कृष्णा सोसायटी निवासी विशाल गोयल ने 11 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके फ्लैट का ताला तोड़कर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
पुलिस टीम ने 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए जाकिर उर्फ जकरा (30) निवासी ई-44, झुग्गी न्यू सीमापुरी, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले शालीमार गार्डन की 80 फुटा रोड के पास स्थित एक सोसायटी के फ्लैट का ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी करके भागते समय उसकी जेब से एक अंगूठी रास्ते में गिर गई थी। वहीं, चोरी की दो चूडिय़ां उसने सीमापुरी झुग्गी में रहने वाले एक नशे के आदी व्यक्ति को 87 हजार रुपये में बेच दी थीं। इसमें से 27 हजार रुपये वह खर्च कर चुका था, जबकि शेष 60 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से दो झुमके और पीली धातु की तीन अंगूठियां भी बरामद हुई हैं। एसीपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त दिल्ली में चोरी के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे और एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button