भिक्षावृत्ति छोड़ स्कूल पहुंचे बच्चों के सपनों को सीडीओ ने दी नई उड़ान

गाजियाबाद। भिक्षावृत्ति की जिंदगी छोड़कर शिक्षा की राह पर कदम बढ़ाने वाले बच्चों के सपनों को अब प्रशासन का भी सहारा मिल रहा है। नंदग्राम बस्ती में ऐसे ही 20 बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने उन्हें स्कूल यूनिफॉर्म और जूते वितरित किए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भर जीवन की मजबूत नींव है। केंद्र सरकार की स्माइल (एसएमआईएलई) योजना के तहत जनपद में भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे और उनके पुनर्वास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद संस्था जिला प्रशासन के समन्वय से इस दिशा में काम कर रही है। इसी अभियान के तहत सीडीओ ने नंदग्राम बस्ती पहुंचकर योजना से लाभान्वित बच्चों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उन बच्चों की प्रगति के बारे में जानकारी ली, जिन्होंने भिक्षावृत्ति छोड़कर विद्यालय जाना शुरू किया है। बच्चों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को देखते हुए सीडीओ ने अपनी ओर से 20 बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म और जूते उपहार स्वरूप दिए। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई न छोड़ें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करें। उन्होंने परिवारों को भी बच्चों की शिक्षा जारी रखने में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद सीडीओ ने कंपोजिट विद्यालय नंदग्राम का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। विद्यालय के वातावरण का जायजा लेते हुए उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों की शिक्षा और उनकी नियमित उपस्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को न केवल आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि समाज में सम्मानजनक स्थान हासिल करने का अवसर भी देती है। स्माइल योजना के अंतर्गत भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों की पहचान, उन्हें बचाने, पुनर्वास, बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश और नियमित शिक्षा से जोडऩे जैसे कार्य किए जाते हैं। इसके साथ ही लाभार्थियों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाता है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। उम्मीद संस्था की ओर से सोनू गिरी और नितिन कुमार भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन और संस्था के संयुक्त प्रयासों से बच्चों को भिक्षावृत्ति से दूर कर शिक्षा से जोडऩे, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और सुरक्षित व बेहतर भविष्य की राह तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।



