गाजियाबाद

मेडिकल में पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से वसूली, पीएसी के आरक्षी और प्रधान लिपिक पर मुकदमा

गाजियाबाद। पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 की चिकित्सा परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर अवैध वसूली करने के मामले में पीएसी के एक आरक्षी, प्रधान लिपिक और एक बाहरी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पीएसी में तैनात आरक्षी ने मेडिकल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की गोपनीय सूची, बुलावा पत्र और अन्य जानकारी अपने परिचित को उपलब्ध कराई थी। इसके बाद बाहरी व्यक्ति अभ्यर्थियों और उनके स्वजन को फोन कर मेडिकल में पास कराने के नाम पर रकम मांग रहा था। गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में 14 से 21 नवंबर तक आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन किया जा रहा है। इसी दौरान 17 नवंबर को पीएसी अधिकारियों को सूचना मिली कि एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को फोन किए जा रहे हैं। फोन करने वाला व्यक्ति मेडिकल परीक्षा में पास कराने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच सर्विलांस सेल को सौंपी। जांच में पता चला कि नंबर मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम समयपुर निवासी चेतन का है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले में पीएसी के अंदर तैनात कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई। पूछताछ में चेतन ने बताया कि 47वीं वाहिनी पीएसी में तैनात आरक्षी रहीश खान उसका पुराना दोस्त है। दोनों साथ पढ़े हैं। आरोप है कि रहीश खान ने ही उसे मेडिकल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की गोपनीय सूची, बुलावा पत्र और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। इसी जानकारी के आधार पर चेतन अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहा था और उन्हें मेडिकल में पास कराने का भरोसा देकर रकम मांग रहा था। जांच के दौरान वाहिनी के प्रधान लिपिक सुंदर सिंह की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि वह भी इस पूरे मामले में शामिल था। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, 47वीं वाहिनी पीएसी के शिविरपाल सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर कविनगर थाने में आरक्षी रहीश खान, प्रधान लिपिक सुंदर सिंह और चेतन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button