जनगणना में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी, सही जानकारी से ही बनेंगी बेहतर योजनाएं: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की आधारशिला है। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सही जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है। इससे ही सरकार को शहर की आबादी, नागरिकों की आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। इसलिए सभी नागरिक जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और घर पहुंचने वाले कर्मचारियों को पूरी एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएं। यह अपील नगर आयुक्त एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की। जनगणना के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न जोन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिटी जोन स्थित नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज से जनगणना जागरूकता रैली निकाली गई। नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह ने रैली का शुभारंभ किया। इसमें विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को जनगणना का महत्व समझाते हुए ‘सही जानकारी, सही योजना’ का संदेश दिया। जागरूकता रैली में छात्राओं ने नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को जनगणना में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर भी जनगणना का महत्व बताया गया। रैली को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में विद्यालय की प्रधानाचार्य अंतिमा चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान सिटी जोन के जोनल प्रभारी सुशील भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से शहर के सभी जोन में अलग-अलग माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कहीं रंगोली के जरिए तो कहीं रैली और जनसंपर्क के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने दोहराया कि जनगणना में दी गई सही जानकारी ही बेहतर विकास योजनाओं का आधार बनेगी।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जनगणना के लिए नगर निगम की टीमें लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं। एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से जनगणना संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे। इसके लिए 3577 प्रगणकों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। प्रगणक जब घर पहुंचें तो उन्हें सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के नियोजन में मदद मिलेगी। इसलिए किसी भी नागरिक को इसे सामान्य औपचारिकता नहीं समझना चाहिए। प्रत्येक परिवार की भागीदारी से ही जनगणना के आंकड़े वास्तविक और उपयोगी बन सकेंगे। नगर जनगणना अधिकारी रेनू सिंह ने बताया कि नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वयं भी ऑनलाइन स्व-जनगणना कर सकेंगे। इसके लिए भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट द्धह्लह्लश्चह्य://ष्द्गठ्ठह्यह्वह्य.द्दश1.द्बठ्ठ/ पर सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित समय में स्व-जनगणना की प्रक्रिया पूरी करें।


